आगरा की खेरागढ़ तहसील में भारी बारिश ने ढाया कहर, आधा दर्जन से अधिक मकान गिरे... तहसील प्रशासन जुटा
आगरा: जिले की खेरागढ़ तहसील क्षेत्र में बेमौसम लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त है, वहीं किसानों की फसल नष्ट और कई जगहों से आधा दर्जन से अधिक मकान और उनकी दीवार गिरने की जानकारी मिली है। जिससे तहसील प्रशासन ने तहसील कर्मियों से हुए नुकसान की रिपोर्ट मांगी है।
बीते दो दिन से लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने खेरागढ़ तहसील क्षेत्र में अपना जमकर कहर ढाया है। किसानों की खेतों में खड़ी और कटी पड़ी बाजरे की फसल नष्ट हो गई है वहीं ग्रामीणों के मकान गिर गए है जिससे भारी नुकसान की बात कही जा रही है।बेमौसम लगातार हो रही बारिश से बकालपुर में चार लोगों के मकान की दीवार, छत गिर गई है। वीरेंद्र सिंह पुत्र बेताल सिंह का एक कमरा गिर गया जिसमें उनका घरेलू सामान मकान के मलबे में दबने से खराब हो गया। प्रशासन ने उनका भी करीब एक लाख रुपए का नुकसान होने की बात कही है। जितेंद्र पुत्र बेताल सिंह का मकान के एक हिस्से में बना कमरा भारी बारिश के कारण गिर गया जिससे उनका घरेलू सामान कमरे के मलबे में दब गया। गनीमत रही कि उस कमरे में कोई नहीं था जिससे किसी प्रकार की कोई जन हानि नहीं हुई। प्रशासन ने बताया है कि उनका करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं तीसरा भाई बृज किशोर पुत्र बेताल सिंह का भी एक कमरा गिर गया जिससे उन्हें भी करीब एक लाख रुपए का नुकसान की बात बताई गई है।
हरिओम पुत्र कमल सिंह की मकान की दीवार गिर गई। जिससे उनका करीब पचास हजार रुपए के नुकसान की बात प्रशासन द्वारा कही गई है।
वहीं थाना कागारौल क्षेत्र के भोजपुर निवासी हरपाल यादव की मकान की दीवार गिरने से भारी नुकसान पहुंचा है।
वर्जन: तहसीलदार खेरागढ़ प्रदीप कुमार ने बताया है कि बारिश से तहसील क्षेत्र में कई स्थानों पर मकान आदि में नुकसान हुआ है। क्षति का आंकलन किया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
Comments
Post a Comment