खेरागढ़ के घुसियाना बंधी में साथियों संग नहाने गए युवक की डूबने से हुई मौत, कई घंटे बाद मिला शव परिजनों में मचा कोहराम
खेरागढ़: ताजनगरी आगरा की खेरागढ़ तहसील क्षेत्र के गांव घुसियाना में साथियों के साथ बंधी ने नहाने गया युवक पानी के तेज बहाव की भंवर में फंस गया। युवक के डूबने की घटना से सनसनी फैल गई।ग्रामीणों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद उसे ढूंढ निकाला लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकी थी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना सोमवार को थाना खेरागढ़ क्षेत्र के घुसियाना की है। 25 वर्षीय अरविंद कुमार उर्फ छोटू पुत्र दाऊदयाल अपने अन्य कई साथियों के साथ पास की बंधी में नहाने गया। नहाने के दौरान वह पानी के भंवर में फंस गया और बंधी के गेट खुले होने की तरफ पानी के तेज बहाव में बहता चला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटनाक्रम को देखकर पुलिस और नहर विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंधी के गेटों को बंद कराकर युवक को तलाश करना शुरू कर दिया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने उसे ढूंढ निकाला। परिजन उसे उपचार के लिए चिकित्सकों के पास ले गए लेकिन उन्होंने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
चार भाइयों में सबसे छोटा था अरविंद
अरविंद चार भाइयों में सबसे छोटा था, उसने बीएससी करने के बाद जॉब की तलाश के साथ साथ घर खेती के कार्यों में हाथ बंटाता था। परिवार में सबसे छोटा होने के कारण बड़े भाइयों का लाडला था जिससे सभी भाई उसे प्यार से छोटू कहकर पुकारते थे। अरविंद की मौत से परिवार के सभी सदस्य गहरे सदमे में हैं।
Comments
Post a Comment